रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश की शीर्ष खुफिया एजेंसी FSB को रूस को अस्थिर करने के प्रयासों से निपटने के लिए अपनी कार्रवाई बढ़ाने का आदेश दिया है. बुधवार को एफएसबी के शीर्ष अधिकारियों की एक बैठक में पुतिन ने आरोप लगाया कि कई विदेशी ताकतें देश की स्थिरता को नुकसान पहुंचाने और विकास यात्रा को पटरी से उतारने के साथ सीमाओं पर समस्याएं पैदा करना चाहती हैं. रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि विदेशी ताकतों की गतिविधियों का उनका उद्देश्य रूस को कमजोर करना और इसे बाहरी नियंत्रण में रखना है. हालांकि उन्होंने ये विदेशी ताकतें कौन हैं, इसका खुलकर कोई जिक्र नहीं किया. बता दें कि पिछले कुछ समय में रूसी खुफिया एजेंसी ने 72 विदेशी खुफिया अधिकारियों और उनके 423 मुखबिरों का पता लगाया है.