देश में कोरोना की दूसरी लहर (Second Wave of Corona) कमजोर तो पड़ी है लेकिन नए मामलों की रफ्तार फिर से बढ़ गई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) के आंकड़ों के मुताबिक देश में 24 घंटे में 41 हजार 806 नए केस आए और 581 मरीजों की मौत हुई है. चिंता की बात ये है कि 24 घंटे में 39,130 लोग रिकवर हुए हैं जो नए केसों की संख्या से कम है. मंगलवार को देश में 24 घंटे में करीब 39 हजार केस आए थे.
एक्टिव केसों (Active Cases) की बात करें तो उनकी संख्या अब 4 लाख 32 हजार 41 हो गई है. बीते 24 घंटे में करीब 3 हजार एक्टिव केस बढ़े हैं. बुधवार को देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र से 8602 नए केस आए. यहां 24 घंटे में 170 मरीजों की मौत हुई है. वैक्सीनेशन की बात करें तो बुधवार को 24 घंटे में 34 लाख 97 हजार टीके लगाए गए. जिससे वैक्सीनेशन का कुल आंकड़ा बढ़कर 39 करोड़ 13 लाख हो गया है.