करीब डेढ़ महीने पहले दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में जिस हनुमान मंदिर को उत्तरी नगर निगम ने हटा दिया था, उस 50 साल पुराने मंदिर को गुरुवार रात फिर से बना दिया गया. अतिक्रमण हटाने के दौरान हनुमान मंदिर को जब हटाया गया था तब इस पर जमकर राजनीति हुई थी, अब मंदिर के फिर से बनने पर भी राजनीति चमकाई जा रही है. शनिवार को आम लोगों के साथ-साथ दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर जयप्रकाश भी यहां मत्था टेकने पहुंचे. वहीं, आम आदमी पार्टी के MCD प्रभारी दुर्गेश पाठक ने भी चाँदनी चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर में बजरंग बली की पूजा अर्चना की. बीजेपी और आप नेताओं में आज भले ही भक्ति की होड़ दिख रही है, लेकिन जब मंदिर को हटाने की खबर आई थी, तब दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए थे.