कोरोना वैक्सीन विदेश भेजे जाने को लेकर राजधानी दिल्ली (Delhi) के कई इलाकों में पीएम मोदी (Narendra Modi) की आलोचना वाले पोस्टर लगाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने अबतक 25 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार होने वालों में ज्यादातर मजदूर तबके के लोग हैं. पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने दिल्ली के शाहदरा, रोहिणी, मंगोलपुरी, पुरानी दिल्ली, द्वारका और कल्याणपुरी जैसे कई इलाकों में पीएम मोदी की आलोचना वाले ब्लैक पोस्टर लगाए थे. इन पोस्टरों पर लिखा था - ‘मोदी जी, हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दिया?’
वहीं दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए हैं. आप विधायक कुलदीप कुमार ने रविवार को कहा कि ये पोस्टर आम आदमी पार्टी ने लगाए हैं, और अब तो पूरे देश में लगाएंगे, अगर आपको गिरफ्तार करना है तो हमें करिए उन बेचारे गरीब पोस्टर लगाने वालों को नहीं.