अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में उछाल का असर घरेलू बाजार पर हो रहा है. लेकिन रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी पेट्रोल की कीमतों पर जल्द बड़ी राहत मिल सकती है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने सरकार से ऊंची पेट्रोल और डीजल कीमतों पर राहत देने की सिफारिश की है. मंत्रालय ने कहा है कि उत्पाद शुल्क में कटौती कर जनता को बड़ी राहत दी जा सकती है. मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना काल में पेट्रोल डीजल पर बढ़ाए गए उत्पाद शुल्क में अगर 50 फीसदी कटौती भी कर दी जाए, तो पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर तक नीचे आ सकते हैं. बता दें लॉकडाउन के दौरान सरकार ने पेट्रोल पर एकमुश्त 10 रुपये उत्पाद शुल्क बढ़ाया था.