केंद्र सरकार ने आधार कार्ड को PAN कार्ड से लिंक करने की समय सीमा को छह महीने और बढ़ा दिया है. पहले यह समय सीमा 30 सितंबर, 2021 को खत्म हो रही थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 31 मार्च 2022 कर दिया गया है. शुक्रवार को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने एक बयान जारी कर कहा कि Covid-19 महामारी की वजह से सामने आ रही समस्या को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है. साथ ही, इनकम टैक्स अधिनियम के तहत जुर्माने की कार्यवाही पूरी करने की आखिरी तारीख भी 30 सितंबर, 2021 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2022 कर दी गई है.
बता दें कि सरकार ने 23 मार्च 2021 को लोकसभा से पारित हुए फाइनेंस बिल 2021 में आयकर अधिनियम 1961 में नया सेक्शन 234एच (23H)जोड़ा है. इसी के तहत जुर्माने का प्रावधान किया गया है. नए नियम के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति निश्चित समय सीमा के तहत पैन को आधार से लिंक नहीं कराता है तो उसका पैन निष्क्रिय किया जा सकता है. इसके अलावा उस पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है.