पाकिस्तान की इमरान सरकार को अब उनके देश में ही भारत से रिश्ते सुधारने की नसीहत मिल रही है. पिछले कुछ समय से लगातार हमलावर रही विपक्षी पार्टी PPP का कहना है कि इमरान खान भारत से अपने रिश्ते सुधारें, क्योंकि इससे हमारे लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था को भी फायदा पहुंचेगा. साउथ एशियन्स अगेंस्ट टेरेरिज्म एंड फॉर ह्यूमन राइट्स की बैठक में पीपीपी नेता फरहतुल्ला बाबर ने ये बातें कहीं. उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत और चीन में दुश्मनी होने के बावजूद उनका आपसी व्यापार अरबों डॉलर का है, फिर पाकिस्तान ऐसा क्यों नहीं कर सकता. इसके अलावा उन्होंने पाकिस्तानी सेना पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सेना ने आर्थिक लाभ के लिए देश के संघीय और लोकतांत्रिक ढांचे की हमेशा अनदेखी की है.