दुनियाभर में कहर ढा रहे कोरोना महामारी का कोई टीका अगले साल से पहले तैयार नहीं हो सकेगा. शुक्रवार को एक संसदीय पैनल के सामने पेश हुए अधिकारियों ने ये बात कही है. विज्ञान और प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय स्थाई समिति की शुक्रवार को पहली बार बैठक हुई. इस बैठक में कोरोना वायरस की वैक्सीन को लेकर क्या अपडेट है इस पर चर्चा हुई. इस पैनल की अध्यक्षता कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने की, क्योंकि कोरोना लॉकडाउन के कारण 23 मार्च से संसद को असमय के लिए स्थगित कर दिया गया था. बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में ICMR ने शोधकर्ताओं को एक चिट्ठी भेजी थी जिसमें 15 अगस्त तक वैक्सीन तैयार करने का जिक्र किया गया था. हालांकि इसके बाद स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर ने यह साफ किया कि चिट्ठी लिखने का मकसद ये था कि पूरी प्रक्रिया जल्द शुरू हो और जल्द से जल्द वैक्सीन पर काम शुरू हो.