निर्भया केस में चारों दोषी फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने का हर हथकंडा अपना रहे हैं. बारी बारी से वो राष्ट्पति के पास दया याचिका और सुप्रीम कोर्ट में पिटिशन दाखिल कर रहे हैं. अब दोषी विनय शर्मा ने बुधवार को राष्ट्रपति के पास दया याचिका भेज दी है, और अगर ये खारिज होती है तो उसके पास फिर सुप्रीम कोर्ट में फैसले को चुनौती देने की याचिका दाखिल करने का विकल्प होगा. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को ही मुकेश सिंह की याचिका खारिज कर दी, जिसमें उसने दया याचिका खारिज होने को चुनौती दी थी. वहीं अन्य दो दोषी अक्षय और पवन के पास अभी क्यूरेटिव याचिका का विकल्प है. क्यूरेटिव खारिज होने के बाद दया याचिका और वो भी खारिज होने के बाद उसे चुनौती देने का विकल्प भी है. निर्भया के चारों दोषियों को 1 फरवरी की सुबह 6 बजे फांसी दी जानी है.