इस्तांबुल में जारी बॉसफ़ोरस मुक्केबाजी टूर्नामेंट में शनिवार को भारतीय मुक्केबाज निखत ज़रीन और गौरव सोलंकी सेमीफाइनल में हार गए, और इसी के साथ टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी खत्म हो गई. महिलाओं के 51 किग्रा भार वर्ग में भारत की निखत को वर्ल्ड सिल्वर मेडल विजेता बुसेन्ज़ कार्किगोलु के हाथों 0-5 से हार का मुंह देखना पड़ा. निखत इससे पहले दो बार की वर्ल्ड चैंपियन को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची थीं.
वहीं 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता गौरव सोलंकी भी 57 किग्रा वर्ग में हार गए हैं. उन्हें सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के निर्को क्यूएलो ने 5-0 से धूल चटाई. इस हार के साथ दोनों भारतीय मुक्केबाजों को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा.