काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च के संस्थान NEERI ने कोविड जांच के लिए सैंपल लेने का आसान तरीका ईजाद किया है. NEERI ने एक ऐसी तकनीक बनाई है, जिसकी मदद से सिर्फ तीन घंटे में ही पता चल सकेगा कि आपको कोरोना है या फिर नहीं. इसमें गरारा करके कोरोना के बारे में पता लगाया जा सकेगा. आईसीएमआर ने भी इस तकनीक को मंजूरी दे दी है. इस टेस्ट में स्वैब का कलेक्शन लेना जरूरी नहीं होगा. आइये नीरी में एन्वॉयरन्मेंटल वायरोलोजी सेल के सीनियर साइंटिस्ट कृष्ण खैरनार ने मीडिया को इसके बारे में जानकारी दी.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने इस तकनीक को रिमार्कबल इनोवेशन करार दिया है. उन्होंने कहा, ''यह स्वैब फ्री तकनीक गेम-चेंजर साबित हो सकती है.'' इस टेस्ट से तीन घंटे में आरटी-पीसीआर वाली रिपोर्ट दी जा सकती है. इसके ज़रिये लोग खुद से भी यह टेस्टिंग कर सकेंगे, जिससे टेस्टिंग सेंटर पर भीड़ नहीं लगेगी और इससे काफी समय भी बचेगा. साथ ही सेंटर पर दूसरों से संक्रमित होने का खतरा भी नहीं होगा.