NEET(UG) 2021 Test: मेडिकल में एडमिशन के लिए होने वाले इंट्रेस एग्जाम की डेट आ गई है. अंडर ग्रैजुएट कोर्स में दाखिले के लिए अब परीक्षा 1 अगस्त 2021 की बजाय 12 सितंबर 2021 को होगी. नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmedra Pradhan) ने सोमवार को ट्वीट कर ये जानकारी दी. लाखों छात्रों को इसका इंतजार था. मंत्रीजी ने ये भी बताया कि मंगलवार 13 जुलाई की शाम 5 बजे से NTA की वेबसाइट nta.ac.in या एनटीए नीट की वेबसाइट ntaneet.nic.in पर इसके लिए एप्लाई भी किया जा सकेगा.
शिक्षा मंत्री प्रधान ने कई ट्वीट कर कहा कि कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए ये परीक्षा करवाई जाएगी. सभी सेंटरों पर परीक्षार्थियों के लिए मास्क की व्यवस्था होगी. परीक्षा वाले दिन छात्रों के आने-जाने के समय, कॉन्टैक्टलेस रजिस्ट्रेशन, साफ-सफाई की व्यवस्था और सोशल डिस्टेंसिग के हिसाब से सीटिंग प्लान बनाया जाएगा. कोरोना के चलते सरकार ने प्रवेश परीक्षा के शहरों की संख्या इस बार बढ़ाकर 155 से 198 कर दी है.