लंबे इंतज़ार के बाद ह्यून्दे इंडिया ने तीन-पंक्ति वाली बिल्कुल नई एसयूवी अल्कज़ार भारत में लॉन्च कर दी है. 2021 ह्यून्दे अल्कज़ार की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत रु 16.30 लाख है जो टॉप मॉडल के लिए रु 20 लाख तक जाती है. एसयूवी को कंपनी ने तीन मुख्य ट्रिम - प्रेस्टीज, प्रिमियम और सिग्नेचर में लॉन्च किया है जिसमें से हर एक के साथ विकल्प में ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिला है. ह्यून्दे इंडिया ने एसयूवी को कुल 12 वेरिएंट्स में लॉन्च किया है. नई अल्कज़ार की अंडरपिनिंग ह्यून्दे क्रेटा से ली गई हैं, लेकिन प्रिमियम मॉडल के हिसाब से नई एसयूवी में कई सारे बदलाव किए गए हैं जिनमें दूसरी स्टाइल का अगला हिस्सा, अलग टेलगेट और टेललाइट, लंब व्हीलबेस और एसयूवी की तीसरी पंक्ति जोड़ना है. नई अल्कज़ार के साथ ह्यून्दे इंडिया ने खूब सारे फीचर्स दिए हैं जिनमें 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ ब्लूलिंक कनेक्टिविटी, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, बोस प्रिमियम साउंड सिस्टम और 64 रंगों वाली एंबिएंट लाइटिंग शामिल हैं. कार के साथ आवाज़ पर काम करने वाली स्मार्ट पैनोरमिक सनरूफ, कई ड्राइव मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल भी दिए गए हैं. अल्कज़ार के साथ पेट्रोल और डीज़ल दोनों इंजन विकल्प दिए गए हैं. इनमें 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर डीज़ल इंजन शामिल है. इन्हें 6-स्पीड मैन्युअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प दिए गए हैं.