भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी (Gurnam Singh Chaduni) ने संयुक्त किसान मोर्चा से अलग होने के बाद अब पंजाब विधानसभा चुनाव में अपनी सक्रियता बढ़ाने का फैसला किया है.
इसी कड़ी में लुधियाना के अंदर सरकार से नाराज किसानों, उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों ने एक नए राजनीतिक दल 'भारतीय आर्थिक पार्टी' का गठन किया है. इस नई पार्टी ने चढ़ूनी को साल 2022 विधानसभा चुनाव के लिए अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है.
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए चढ़ूनी ने कहा कि मिशन 2022 के तहत पंजाब में मौजूदा दलों से सत्ता लेकर अच्छा काम करके दिखाया जाएगा. फिर अगला निशाना 2024 में मिशन भारत होगा. इस मिशन के तहत देश में मजदूरों, किसानों का राज स्थापित किया जाएगा, ना कि कॉर्पोरेट का.