लियोनल मेसी (Lionel Messi) की अर्जेंटीना (Argentina) ने 28 साल के लंबे इंतजार के बाद कोपा अमेरिका (Copa America 2021) का खिताब जीत लिया है. भारतीय समयानुसार रविवार सुबह खेले गए फाइनल मैच में उसने ब्राजील (Argentina vs Brazil) को 1-0 से हराकर कोपा अमेरिका कप पर कब्जा कर लिया. अर्जेंटीना की ओर से एंजल डि मारिया (Angel Di Maria) ने मैच का एकमात्र गोल खेल के 22वें मिनट में किया. डि मारिया ने रोड्रिगो डी पॉल से मिले शानदार क्रॉस पर गोल कर अर्जेंटीना की टीम के लंबे इंतजार को खत्म किया.
फाइनल मैच में ब्राजील और अर्जेंटीना के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. ब्राजील की टीम ने अर्जेंटीना के उपर ताबड़तोड़ आक्रमण किया. मैच के दौरान 60 फीसदी समय गेंद ब्राजील के पाले में रही और उसके खिलाड़ियों ने 13 शॉट भी दागे, लेकिन गोल करने से चूक गए. वहीं अर्जेंटीना की टीम को मैच के दूसरे हाफ में ज्यादा मौके नहीं मिले. हालांकि लियोनल मेसी के पास गोल करने का एक बेहद आसान मौका आया, लेकिन वो गोल करने से चूक गए.
मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे आगे निकलने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी. मैच में तनातनी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अर्जेंटीना के पांच और ब्राजील के चार खिलाड़ियों को येलो कार्ड दिखाया गया.
मेसी के लिए खास तौर पर यह खिताब काफी मायने रखता है, जिन्होंने क्लब फुटबॉल में तो कई खिताब जीते हैं लेकिन अपने देश के लिए वह कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं जीत पाए थे. साथ ही करिश्माई फुटबॉलर लियोनल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना की टीम पहली बार चैंपियन बनी है.
इससे पहले मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना 2015 और 2016 में दो बार फाइनल में पहुंची लेकिन उसे खिताब से महरूम होना पड़ा था. वहीं 1993 के बाद से अर्जेंटीनी टीम 4 बार कोपा अमेरिका फाइनल और 1 बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी लेकिन हर बार फाइनल में उसे हार का सामना करना पड़ा था. अब मेसी की नजर कतर में साल 2022 में होने वाले फीफा विश्व कप पर होगी.