कोरोना के बाद शुरू हुए ला लीगा में बार्सिलोना ने अपने गेम को वहीं से उठाया जहां पर इसने छोड़ा था. मेसी का मैजिक चला और टीम ने मैलोरका को 4-0 से रौंदकर प्वाइंट्स टैली में अपनी टॉप की पोजिशन को और मजबूत किया. इस जीत में मेसी ने वैसे तो सिर्फ 1 गोल किया लेकिन 2 और गोल में मदद भी की. इसी के साथ मेसी ला लीगा के लगातार 12 सीजन में 20 या उससे ज्यादा गोल दागने वाले इकलौते फुटबॉलर भी बन गए. मेसी एंड कंपनी की इस बेमिसाल खेल का हर किसी ने लुत्फ उठाया. कोरोना का बुरी तरह शिकार हुए बार्सिलोना शहर में लोगों ने घरों की छतों पर साथ बैठकर अपनी टीम को जीतते देखा.