वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए महाराष्ट्र (Maharashtra) के हिंगोली की एक ग्राम पंचायत ने अच्छी पहल की है. अंजनवाडा गांव की पंचायत ने कोरोना वैक्सीन लगवाने और कोरोना टेस्ट करवाने वाले लोगों को अपने फंड से पांच लाख रुपये के बीमा (insurance ) का ऑफर दिया है. ग्राम पंचायत ने लोगों में कोरोना वैक्सीन के डर को कम करने के लिए ये पहल की है. विधायक नितिन पवार ने कहा कि ग्रामीण इलाके के लोगों में अंधविश्वास है कि कोरोना वैक्सीन लगवाने से मृत्यु हो जाती है, इसलिए लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है.
हिंगोली के ग्रामीणों की मानें तो इस ऑफर के बाद लोग कोरोना टेस्ट करवा रहे हैं और वैक्सीन भी लगवा रहे हैं. बता दें कि महाराष्ट्र देश में कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, हालांकि वैक्सीनेशन में वो बहुत से राज्यों से काफी आगे है. बावजूद इसके राज्य में अबतक सिर्फ 3.69% लोगों को ही वैक्सीन की दोनों डोज़ लगी है. यूपी में तो ये संख्या 1.8% के पास है तो बिहार में सिर्फ 1.4% के करीब.