वंचित बहुजन आघाडी ने सीएए, एनआरसी और केंद्र की आर्थिक नीतियों के विरोध में आज महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है. इस पार्टी के नेता प्रकाश आंबेडकर भी मुंबई में प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सीएए को लेकर देश में अशांति है, जिसे केंद्र सरकार जबरन लागू करने की कोशिश कर रही है.बंद को देखते हुए आज मुंबई, नासिक, पुणे, ठाणे, औरंगाबाद और नागपुर समेत कई जिलों में सुरक्षा का कड़े इंतजाम किये गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है. इस बंदी का असर महाराष्ट्र के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है. मुंबई के घाटकोपर में बंद के दौरान चार वीबीए कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए हैं. उनपर आरोप है कि ये सड़क पर आने वाली गाड़ियों को जबरन रोक रहे थे.