अयोध्या में विवादास्पद भूमि सौदों को लेकर सवालों में घिरे राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव चंपत राय (Ram Mandir Trust Secretary Champat Rai) बिजनौर जिले में भी एक जमीन विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं. यूपी पुलिस ने चंपत राय के भाई संजय बंसल (Sanjay Bansal) पर जमीन हड़पने का आरोप लगाने वाले एक पत्रकार और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बिजनौर के पुलिस प्रमुख (Police Chief of Bijnor) ने इस मामले में राय और उनके भाइयों को प्रथम दृष्टया जांच के आधार पर 'क्लीन चिट' दे दी है, साथ ही कहा कि जांच जारी है.
दरअसल पत्रकार विनीत नारायण ने चंपत राय पर बिजनौर जिले में उनके गृहनगर में अपने भाइयों द्वारा जमीन हड़पने में मदद करने का आरोप लगाया था. पोस्ट में नारायण ने आरोप लगाया था कि एनआरआई अलका लाहोटी के स्वामित्व वाले एक गौशाला में 20 हजार वर्गमीटर जमीन हड़पी गई है. ये कब्जा साल 2018 से है और लाहोटी ने इसकी शिकायत CM योगी आदित्यनाथ से भी की थी. अब पुलिस का कहना है कि राय के खिलाफ झूठे आरोप लगाने की साजिश रचने और हिदुंओं की भावनाओं को आहत करने की वजह से विनीत नारायण के साथ-साथ अलका लाहोटी औऱ रजनीश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि इस मामले में संजय बंसल ने एफआईआर दर्ज कराई थी.