स्पोर्ट्स कार मेकर कंपनी Lamborghini ने इंडिया में नई 2021 Huracan STO लॉन्च कर दी है, जिसकी एक्सशोरूम कीमत 4 करोड़ 99 लाख रुपये रखी गई है. इस सुपर कार को बनाने में 75 फीसदी से ज़्यादा कार्बन फाइबर का इस्तेमाल किया गया है. इसलिए कार का वजन बाकी कारों के मुकाबले काफी कम है.
केबिन पर नज़र डालें तो इसे भी कार्बन फाइबर स्किन मटेरियल से ढंका गया है. इसके अलावा स्टीयरिंग से लेकर डैशबोर्ड और केबिन की बाकी जगहों पर बेहतरीन फिनिशिंग की गई है. Huracan STO में 20-इंच मैग्नीशियम व्हील्स दिए गए हैं. कार का अगला हिस्सा एलईडी हैडलैंप्स के साथ डब्ल्यू आकार के एलईडी डीआरएल से लैस है, वहीं पिछले हिस्से में पतले एलईडी टेललैंप्स, ऊंचाई पर लगे डुअल एग्ज़्हॉस्ट पाइप्स और रियर डिफ्यूज़र कार को बेहतरीन लुक देते हैं. दिखने में कार शानदार है. इसे डुअल-टोन ब्लू लॉफे और कैलिफोर्निया ऑरेंज कलर ऑप्शन में लॉन्च किया गया है.
रफ्तार की बात करें तो सिर्फ 3 सेकंड में ये कार 100 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है और 200 किमी/घंटा तक पहुंचने में इसे महज 9 सेकंड लगते हैं, इसकी टॉप स्पीड 310 किमी/घंटा है. Lamborghini Huracan STO में STO का मतलब सुपर ट्रोफेओ ओमोलोगाता है, यानि ये रेस कार रोड लीगल है और इसे नॉर्मल सड़कों पर चलाया जा सकता है.