देश में जारी कोरोना टीकाकरण अभियान (Corona vaccination campaign) में वैक्सीन की कमी को दूर करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) ने केंद्र सरकार को एक सुझाव दिया है. मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम केजरीवाल ने मोदी सरकार (Modi government) से वैक्सीन (vaccine) बनाने का फार्मूला सार्वजनिक करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ 2 कंपनियां ही टीके का उत्पादन कर रही हैं, वे एक महीने में केवल 6-7 करोड़ वैक्सीन का उत्पादन कर रहे हैं. इस तरह हर किसी को टीका लगाने के लिए 2 वर्ष से अधिक का समय लगेगा, तब तक देश में कई लहरें आ चुकी होंगी. केजरीवाल ने कहा कि कोरोना से जंग जीतने के लिए वैक्सीन का उत्पादन (production) युद्धस्तर पर बढ़ाना होगा. इसके लिए केंद्र सरकार इन दोनों कंपनियों से वैक्सीन बनाने का फॉर्मूला लेकर उन सभी कंपनियों को दे जो सुरक्षित तरीके से वैक्सीन बना सकती हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि वैक्सीन का उत्पादन करने वाली कंपनियों के लाभ का एक अंश रॉयल्टी के रूप में उन दोनों कंपनियों को दे सकते हैं, जिन्होंने मूल फॉर्मूले की खोज की.