अगर हु्स्न को एक नाम देना हो और उसे कटरीना कैफ दिया जाए तो गलत नहीं होगा. क्यूट स्माइल और लाजवाब एक्टिंग का पैकेज हैं कटरीना कैफ (Katrina Kaif). तभी तो सलमान खान जैसी शख्सियत भी इस एक्ट्रेस को देख अपना दिल दे बैठी थी.
बॉलीवुड में बड़ा मुकाम हासिल करना आसान नहीं होता. मुश्किलें तब और ज्यादा बढ़ जाती हैं जब आप परदेसी हों, न आपको हिंदी आती हो और न ही बॉलीवुड में आपका कोई गॉडफादर हो. लेकिन इस कहावत को कटरीना कैफ ने बदलकर रख दिया. न सिर्फ उन्होंने बॉलीवुड में नाम और शोहरत कमाई बल्कि टॉप की पोजिशन पर भी उनका कब्जा रहा.
कटरीना का परिवार
कटरीना कैफ ब्रिटिश-भारतीय मूल की अभिनेत्री और मॉडल हैं जिन्होंने महज 14 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी. वे बॉलीवुड फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिये जानी जाती हैं. कटरीना तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं, उनका जन्म 16 जुलाई 1983 को हांगकांग (Hong Kong) में हुआ था. उनके पिता का नाम मोहम्मद कैफ, तथा उनकी मां का नाम सुजैन है. कटरीना के कुल सात भाई बहन हैं, तीन बड़ी बहनें, तीन छोटी बहनें हैं और एक बड़ा भाई भी है.
करियर
कटरीना लंदन में मॉडलिंग कर रहीं थीं जब डायरेक्टर कैजाद गुस्ताद की नजर उन पर पड़ी. उन्होंने कटरीना को अपनी फिल्म में काम करने का ऑफर दिया और कटरीना ने हां कर दिया. जिसके बाद कटरीना ने उनकी फिल्म 'बूम' से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा. अमिताभ बच्चन जैसी कास्ट होने के बावजूद ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी. इसके बाद कटरीना को फिल्मों के ऑफर तो नहीं आए लेकिन उन्हें टीवी एड और मॉडलिंग के कई प्रोजेक्ट मिले. कटरीना किंगफिशर कैलेंडर का भी हिस्सा रहीं. कटरीना ने इसके बाद एक तेलुगू फिल्म 'मल्लिसवरी' की. जो बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी. इसके बाद राम गोपाल वर्मा की नजर कटरीना पर पड़ी और उन्हें अपनी फिल्म 'सरकार' में एक छोटा सा रोल दिया.
ऐसे हुई सलमान से मुलाकात
'सरकार' फिल्म के बाद सलमान (Salman Khan) की नजर कटरीना पर पड़ी. सलमान उस वक्त डेविड धवन की कॉमेडी फिल्म 'मैंने प्यार क्यों किया' कर रहे थे और उन्हें इसके लिए एक नई हीरोइन की तलाश थी. इस फिल्म में कटरीना लीड हीरोइन तो नहीं, लेकिन लीड से कम भी नहीं थी. फिल्म बड़े पर्दे पर सुपरहिट रही. इसके बाद फिर कैट ने कभी मुड़कर नहीं देखा. हालांकि उनकी अगली फिल्म 'हमको दीवाना कर गए' कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी थी लेकिन फिल्म मेकर्स की नजर में कटरीना चढ़ चुकीं थीं. साल 2007 उनके लिए सबसे शानदार रहा. इस साल इनकी 4 फिल्में आईं जिसमें से 'नमस्ते लंदन' और 'वेलकम' सुपर- डूपर हिट रही.
इसके बाद कैटरीना नेरेस, अजब प्रेम की गजब कहानी, बॉडीगॉर्ड, दे दना दन एक था टाइगर जैसी फिल्मों में लीड रोल में दिखाई दीं.
कटरीना का असली नाम
आएशा श्रॉफ ने एक इंटरव्यू में ये खुलासा किया था कि कैट अपने नाम को लेकर झूठ बोल रही हैं. उनका असली नाम कटरीना टरकोटे (Katrina Tarkote) था. हम उन्हें ऐसा नाम देना चाहते थे जिससे भारतीयता झलके. इसलिए हमनें उन्हें कटरीना टरकोटे से कटरीना कैफ बना दिया.
कटरीना के अफेयर्स
फिल्मी करियर के अलावा कटरीना अफेयर्स (Katrina Affairs) को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं. कहा जाता रहा है कि कटरीना की सफलता के पीछे सलमान का हाथ है. दोनों ने फिल्म 'मैंने प्यार क्यों किया' के बाद डेट भी किया था. दोनों का रिश्ता हंसी-खुशी चल रहा था लेकिन 2009 में उनके ब्रेकअप की खबरें आने लगीं. उस वक्त कटरीना रणबीर कपूर के साथ 'अजब प्रेम की गजब कहानी' कर रही थीं. कहा जाता है कि कटरीना के सलमान से अलग होने के बाद वो रणबीर कपूर को डेट करने लगीं. दोनों के अफेयर की खबरें तो कई बार आईं लेकिन मुहर लगाई इबित्जा से आई दोनों की तस्वीरों ने. दोनों वहां छुट्टियां मनाने गए थे जब किसी ने चुपके से उनकी तस्वीरें खींच ली थीं. कई सालों तक डेट करने के बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया. ब्रेकअप के बाद भी सलमान हमेशा कटरीना के लिए ढाल बनकर खड़े रहे. सलमान ने इसके बाद अपनी कई फिल्मों में कटरीना को काम दिया. अब रीसेंटली कटरीना का नाम उरी फेम विक्की कौशल के साथ जोड़ा जा रहा है. अकसर विक्की कटरीना के घर के बाहर मीडिया के कैमरे में कैप्चर हुए हैं.