अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Harris) ने भारत में कोरोना वायरस की स्थिति को ‘दुखदायी’ बताया. उन्होंने कहा कि अमेरिका (America) ने इस चुनौती का मुकाबला करने में उसकी मदद करने का वादा किया है. हैरिस ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि इसको लेकर कोई सवाल ही नहीं है कि लोगों की जान जाने के संदर्भ में यह बड़ी त्रासदी है. साथ ही हैरिस ने कहा, 'हम आर्थिक मदद के साथ ही चिकित्सा उपकरणों से भी सहायता करने की प्रतिबद्धता पहले ही जाहिर कर चुके हैं. बता दें कि भारत में कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी को देखते हुए अमेरिका ने भारत से आने वाले लोगों पर चार मई से प्रतिबंध का ऐलान किया है . शुक्रवार को व्हाइट हाउस की ओर से यह जानकारी दी गई.