MP के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा छिपाने का आरोप लगाया है. कमलनाथ ने दावा किया है कि राज्य में बीते 2 महीने में कोरोना से 1 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है, पर सरकारी आंकड़े बेहद कम हैं. उन्होंने कहा कि इस साल सिर्फ मार्च-अप्रैल महीने में मध्य प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,02,002 है. जबकि, गुरुवार को प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों में ये संख्या महज 7,315 बताई गई है. ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कमलनाथ ने ये बातें कहीं और सीएम शिवराज सिंह को इसका खंडन करने की चुनौती भी दे दी.
वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने कमलनाथ के इस दावे को भ्रम और झूठ फैलाने वाला करार दिया है. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति भ्रम फैलाये तो यह चिंता की बात है. हालांकि सीएम शिवराज का इसपर अभी रिएक्शन नहीं आया है. आपको बता दें कि बीते कुछ हफ्तों में लगातार कई राज्यों से कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े छुपाने की रिपोर्ट्स सामने आई हैं, जहां सरकारी आंकड़े वास्तविक आंकड़ों से बहुत कम बताए गए हैं.