कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल हुए जितिन प्रसाद (Jitin Prasada) को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने प्रसाद का स्वागत किया है. सिंधिया ने कहा कि वो मेरे छोटे भाई की तरह है और मैं उनका भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करता हूं. ज्योतिरादित्य की तरह जितिन प्रसाद के पिता भी बड़े कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री रहे थे. जितिन प्रसाद और ज्योतिरादित्य दोनों ही मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं.
वहीं जितिन प्रसाद के बीजेपी ज्वाइन करने के बाद से ही ट्विटर पर सचिन पायलट ट्रेंड कर रहे हैं. दरअसल सचिन पायलट को लेकर बीते कई महीनों से ऐसी अटकलें हैं कि वो कांग्रेस से छिटक सकते हैं. पायलट और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के बीच का मनमुटाव किसी से छिपा नहीं है और अब इसी लिए उनके भी कांग्रेस छोड़ने कि अटकलें हवा पा रही हैं.