चीन को देश की सेना और सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय और संवेदनशील जानकारी देने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इंडिपेंडेंट पत्रकार राजीव शर्मा को गिरफ्तार किया है. उनके साथ एक चीनी महिला किंग शी और उसके नेपाली साथी शेर सिंह उर्फ राज बोहरा को भी अरेस्ट किया गया है. पत्रकार राजीव शर्मा पहले यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया, द ट्रिब्यून और सकाल टाइम्स के साथ काम कर चुके हैं और हाल ही में उन्होंने चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स के लिए एक आर्टिकल भी लिखा था.
दिल्ली पुलिस के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने कहा कि राजीव पीतमपुरा में रहते हैं. राजीव शर्मा को 6 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है. पुलिस का दावा है कि राजीव को दस्तावेज के बदले फर्जी कंपनियों के जरिए मोटी रकम मुहैया कराई जाती थी. अधिकारियों का दावा है कि राजीव ने कुछ समय पहले ही चीन को भारतीय सेना के कुछ बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, जिसके बदले उसके अकाउंट में लाखों की रकम भी आई है.