जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में 5 जनवरी को हुई हिंसा के केस में कई छात्र और शिक्षक वाइस चांसलर जगदीश कुमार को पक्षपात पूर्ण रवैये के लिए हटाने की मांग कर रहे हैं. इसी बीच हिदुस्तान टाइम्स में आई रिपोर्ट में कहा गया है कि, वीसी जगदीश कुमार की अध्यक्षता वाले जेएनयू प्रशासन ने नियमों को ताक पर रखकर अपने 'वफादारों' को प्रशासन में महत्वपूर्ण पद दिया गया. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में छात्रों और शिक्षकों के हवाले से लिखा गया है कि जेएनयू टीचर्स एसोसिएशन और छात्र एसोसिएशन में ये नियुक्तियां कर, VC एम जगदीश कुमार ने जेएनयू के मूल स्वभाव को बदलने और प्रशासन के निर्णयों को प्रभावित करने के मकसद से की. जेएनयू टीचर्स एसोसिएशन की मानें तो बीते 3 सालों में नियमों की अनदेखी कर कम से कम 14 ऐसी नियुक्तियां की गईं. बताया गया है कि इसमें से 12 लोगों को बाद में जेएनयू का वार्डन बनाया गया जबकि 2 को प्रॉक्टर और चीफ प्रॉक्टर जैसे अहम पद दिए गए.