दिवालिया हो जाने के बाद बंद हो चुकी एयरलाइन जेट एयरवेज (Jet Airways) के कर्मचारियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही. अब इस कंपनी के नए मालिक कलरॉक-जालान (Kalrock-Jalan) ने एक नया रिजॉल्यूशन प्लान बनाया है. जिसके मुताबिक इन कर्मचारियों को कंपनी पर बकाए से कई गुना कम पैसे दिए जा रहे हैं.
खबरों के मुताबिक एयरलाइन पर हर स्टॉफ का कम-से-कम 3 लाख रुपये से लेकर 85 लाख रुपये तक बकाया है. जबकि अभी हर स्टॉफ को कुल 23 हजार रुपये ही देने का प्रस्ताव मिला है. जेट ने एंप्लॉयीज से रिजॉल्यूशन प्लान के लिए हां या ना में वोट देने को कहा है. अब ऑल इंडिया जेट एयरवेज ऑफिसर्स एंड स्टाफ एसोसिएशन ने कंपनी के इस प्लान के खिलाफ कोर्ट जाने की भी बात कही है.
बता दें, जेट एयरवेज बंद होने के बाद इसके करीब 17 हजार कर्मचारी सड़क पर आ गए थे वहीं जेट एयरवेज पर इसके क्रेडिटर्स के लगभग 15,400 करोड़ रुपये बकाया हैं. इसमें से 1,254 करोड़ रुपये बकाया वेतन और ग्रेच्युटी के तौर पर एंप्लॉयीज और वर्कर्स के हैं.