इस साल अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 28 जून से होगी और ये 22 अगस्त तक चलेगी. जम्मू में शनिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में अमरनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया. कई राज्यों में कोविड संक्रमण की वापसी को देखते हुए इस बार यात्रा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा. इसके अलावा सुरक्षा और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए भी हर स्तर के इंतजाम किए जा रहे हैं. खबरों के मुताबिक, इस बार श्रीनगर से बालटाल तक हेलिकॉप्टर सेवा और यात्रा मार्ग के कुछ हिस्से पर बैटरी कार शुरू करने पर विचार किया जा रहा है. बता दें कि कोरोना के कारण साल 2020 में अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गई थी, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि इस बार भक्तों की संख्या में इजाफा हो सकता है.