मुंबई सिटी एफसी (MCFC) ने इंडियन सुपर लीग (ISL) के सातवें सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया है. सीजन में हैट्रिक लगाने वाले बिपिन सिंह द्वारा इंजरी टाईम में किए गए मैच विनिंग गोल के दम पर मुंबई सिटी एफसी ने शनिवार को फाइनल में मौजूदा चैम्पियन एटीके मोहन बागान (ATKMB) को 2-1 से हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए फाइनल में डेविड विलियम्स ने 18वें मिनट में गोल कर एटीके मोहन बागान को बढ़त दिलाई लेकिन जोस लुईस ने 29वें मिनट में आत्मघाती गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया. वहीं मौजूदा सीजन में हैट्रिक लगाने का कारनामा करने वाले बिपिन ने 90वें मिनट में टीम को पहली बार आईएसएल चैम्पियन बनाने वाला गोल दिया. बता दें कि मुंबई की टीम ने लीग चरण में भी दोनों बार एटीके मोहन बागान को हराया था.