बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड मामले में अब बिहार पुलिस और मुंबई पुलिस की तकरार खुलकर सामने आ गई है. दरअसल इस केस की जांच के लिए बिहार से मुंबई पहुंचे IPS विनय तिवारी को जबरन क्वारंटीन कर दिया गया है. विनय तिवारी मुंबई में बिहार पुलिस की टीम का नेतृत्व करने गए थे लेकिन BMC ने न सिर्फ उनके हाथ पर क्वारंटीन का स्टांप लगा दिया बल्कि गोरेगांव के एक गेस्ट हाउस में उन्हें शिफ्ट भी कर दिया. ये तब है जबकि IPS विनय तिवारी ने IPS मेस में रहने देने का अनुरोध किया था. ये सबकुछ रविवार रात 11 बजे के बाद हुआ. क्वारंटीन किए जाने का मतलब है कि विनय तिवारी अब किसी से मिल नहीं सकेंगे. खुद बिहार के DGP गुप्तेश्वर पांडे ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी और पूछा कि आधिकारिक ड्यूटी पर गए IPS के साथ ऐसा सलूक क्यों किया गया? इस बीच सुशांत सिंह सुसाइड मामले में मुंबई के पुलिस कमिश्नर ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की. उन्होंने इस मामले से जुड़ी अपडेट्स सीएम के साथ शेयर किए.