पूर्वी लद्दाख से सटी LAC पर चीन से चल रहे तनाव के बीच भारतीय सेना (Indian Army) की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है. इस बयान में कहा गया कि फरवरी के महीने में चीन और भारत के बीच डिसइंगेजमेंट समझौते (Disengagement) के बाद से ना तो गलवान घाटी और ना ही किसी दूसरे इलाके में कोई झड़प हुई है.
भारतीय सेना के मुताबिक भारत और चीन, दोनों ही देशों के जितने भी बचे विवादित मुद्दे हैं उनके हल के लिए दोनों देश वार्ताएं कर रहे हैं और दोनों देशों की सेना अपने- अपने इलाकों में पैट्रोलिंग भी कर रही हैं. सेना की ओर से जारी इस बयान में कहा गया कि भारतीय सेना ग्राउंड पर हर हरकत पर नज़र बनाए है, और PLA की ओर से सैनिकों की टर्नओवर जैसी गतिविधियों पर भी सेना की नजर है. दरअसल भारतीय सेना का ये बयान उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद आया है जिनके मुताबिक चीन और भारत के बीच इसी साल अप्रैल में गलवान घाटी में एक टेंट को लेकर झड़प हुई थी. इसके साथ ही सेना ने कथित आर्टिकल के उस हिस्से को भी खारिज किया जिसके मुताबिक दोनों देशों के बीच फरवरी में किया डिसइंगेजमेंट समझौता भी रद्द हो चुका है.