वेलिंग्टन में हालात विपरीत क्या हुए टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर की हालत तू चल मैं आया वाली हो गई. बेसिन रिजर्व पार्क पर टेस्ट की नंबर वन टीम के टॉप 4 बल्लेबाज़ ताश के पत्तों की तरह ढह गए. वेलिंग्टन के सीम और स्विंग वाले कंडीशन में इनके लिए अर्धशतक और शतक की पटकथा लिखना तो दूर साथ मिलकर टीम के लिए 100 रन जुटा पाना भी दुभर हो गया. सिर्फ 88 रन पर टीम के टॉप 4 पवेलियन लौट गए. टॉप ऑर्डर में मयंक ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए, पृथ्वी ने 16 रन, पुजारा ने 11 रन जबकि कप्तान कोहली तो 2 रन पर ही चलते बने. टॉप ऑर्डर में कामयाबी बस इतनी भर रही कि 1990 में मनोज प्रभाकर के बाद मयंक अग्रवाल न्यूजीलैंड में पहला सेशन पूरा खेलने वाले दूसरे भारतीय ओपनर बने.