देश में कोरोना महामारी ने तांडव मचा रखा है और हर गुजरते दिन के साथ नए रिकॉर्ड बन रहे हैं. देश में लगातार तीसरे दिन नए मामले दो लाख से अधिक दर्ज किए गए और शनिवार सुबह जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 2 लाख 34 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं. इतना ही नहीं बीमारी से 1341 मरीजों की मौत भी हुई है और कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की ये संख्या पिछले करीब सात महीने बाद सबसे बड़ा आंकड़ा है. इसके बाद महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,75,673 हो गई है. साथ ही कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या साढ़े 16 लाख का आंकड़ा पार कर गई है. इस से पहले शुक्रवार को देश में 2 लाख 17 हजार नए मरीज मिले थे जबकि 1185 लोगों कि मौत हुई थी. चिंताजनक बात ये भी है कि देश में कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर घट कर 87.2 प्रतिशत रह गई है और कई शहरों में आम लोग मेडिकल सुविधाओं का आभाव झेल रहे हैं. भारत में अब तक कोरोना वायरस की जांच के लिए कुल 26,49,72,022 सैंपल की टेस्टिंग की जा चुकी है. ICMR के मुताबिक, शुक्रवार को देश भर में 14,95,397 सैंपल टेस्ट किए गए. देश में अब तक करीब 12 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है लेकिन टीकाकरण की ये तेज रफ़्तार भी कोरोना के बढ़ते मामलों पर काबू पाती नजर नहीं आ रही है.