अफगानिस्तान (Afghanistan) में बिगड़ते हालात के बीच अब भारत ने मजार-ए-शरीफ (Mazar-E-Sharif) और उसके आसपास रहने वाले अपने नागरिकों से वापस आने को कहा है. तालिबान की ओर से इस शहर पर अटैक की घोषणा के बाद भारत सरकार ने ये फैसला लिया है. यहां मौजूद राजनायिकों और दूसरे भारतीयों को को लाने के लिए भारत सरकार ने विशेष विमान (Special Flight) भेजा है. मजार-ए-शरीफ में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया कि जो भारतीय भारत के लिए विशेष उड़ान में सवार होना चाहते हैं, वो तुरंत अपना पूरा नाम और पासपोर्ट डिटेल व्हाट्सएप के जरिए जमा करें.
मजार-ए-शरीफ अफगानिस्तान का चौथा सबसे बड़ा शहर है और तालिबान ने पहले ही इसके पश्चिम में शेबर्गन और पूर्व में कुंदुज और तालोकान पर कब्जा कर लिया है.तालिबान ने 3 दिनों में 6 प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा कर लिया है और अन्य शहरों पर तेजी से नियंत्रण हासिल करने की कोशिश में है.
इससे पहले अफगानिस्तान और तालिबान के बीच तेज होते संघर्ष को देखते हुए भारत ने कंधार में अपने वाणिज्य दूतावास से लगभग 50 राजनयिकों और सुरक्षा कर्मियों को वापस बुला लिया था.