चौथे टेस्ट के पहले दिन का खेल भारत के नाम रहा. टॉस जित कर बैटिंग का फैसला इंग्लैंड के ज्यादा काम नहीं आ सका और उसकी पूरी टीम 205 रनों पर टी के बाद ढेर हो गई. एक फिर अहमदाबाद के लोकल बॉय अक्षर पटेल ने अपना जलवा दिया और फिरकी में अंग्रेजों को फांस लिया. अक्षर ने 4 विकेट झटके जबकि अश्विन ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए तो लॉरेंस ने 46.
जवाब में भारत की शुरुआत भी खराब रही और पहले ही ओवर में शुभमन गिल को एंडरसन ने चलता किया. दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 24 रन है. पुजारा 15 तो रोहित शर्मा 8 रन बनाकर क्रीज पर हैं. आपको बता दें कि भारत सीरीज में 2-1 से आगे है और अगर वो ये टेस्ट ड्रॉ भी कर लेता है तो उसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह मिल जाएगी.