भारत के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इंग्लिश टीम में 14 खिलाड़ियों को जगह दी गई है, लेकिन टीम के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर इस सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. वह कोहनी की तकलीफ का इलाज कराने के लिए वापस ब्रिटेन लौटेंगे. वहीं टीम के टेस्ट कप्तान जो रूट की भी सीरीज के लिए वापसी नहीं हुई है. इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा 16 शतक लगाने वाले रूट टेस्ट सीरीज के बाद ही देश वापस लौट गए थे. इंग्लिश टीम ने टी20 सीरीज के लिए भारत दौरे पर टीम के साथ मौजूद रहे खिलाड़ियों में से ही 14 सदस्यों वाली वनडे टीम का ऐलान किया है. टीम में लियम लिविंगस्टोन और मैट पर्किंसन को भी जगह मिली है. बता दें कि 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 23 मार्च को पुणे में खेला जाएगा.