भारी कर्ज में डूबे और पिछले कई सालों से परेशान चल रहे हैं उद्योगपति अनिल अंबानी (Anil Ambani) के अच्छे दिन लौटते दिख रहे हैं. एक तरफ SBI अनिल अंबानी की रिलायंस इंफ्राटेल (Reliance Infratel) से 'फ्रॉड टैग' हटाने में जुटा है, तो दूसरी तरफ अब उनकी रिलायंस समूह की कंपनियों का मार्केट कैप (Market cap) बढ़ गया है. जहां इस साल मार्च में अनिल अंबानी की कंपनियों का मार्केट कैप घटकर सिर्फ 733 करोड़ रुपये रह गया था. वहीं अब ये बढ़कर 8,288 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है. अकेले मई महीने में ही अनिल अंबानी के ग्रुप की कंपनियों की बाजार पूंजी में 3,890 करोड़ रुपये का उछाल आया है. पिछले सिर्फ तीन महीने में रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस पावर और रिलायंस कैपिटल की बाजार पूंजी में 1000% से ज्यादा का उछाल आया.
जानकारों का कहना है कि कर्ज कम करने के लिए कंपनी की आक्रमकता देखते हुए ADAG के शेयरों में निवेशकों की अचानक दिलचस्पी पैदा हुई है. ये भी कहा जा रहा है कि शुरुआती ट्रेंड्स में बैंकों को उम्मीद से बेहतर रिकवरी की संभावना है. इसलिए ADAG के शेयरों में एक बार फिर उछाल देखने को मिल रही है.