देश में कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) को लेकर भ्रांतियां किस स्तर की हैं और इसको लेकर दुष्प्रचार किस कदर है इसकी एक बानगी देखने को मिली उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki) में. हुआ यूं कि स्वास्थ्य विभाग कि एक टीम जिले के रामनगर ब्लॉक के सुरसंडा गांव में पहुंची तो लोग टीके से डर कर सरयू नदी में उतर गए. लोगों के इस बर्ताव को देख मौके पर मौजूद टीम के हाथ पांव फूल गए और आनन फानन में आला अधिकारीयों को जानकारी दी गई.
घटना को सुन रामनगर के SDM मौके पर पहुंचे और गांव वालों को वैक्सीन के फायदे समझा कर जैसे-तैसे नदी से बाहर निकाला. बावजूद इसके लोगों में टीके को लेकर शंका बनी रही और बीते शनिवार को लगे इस कैंप में मात्र 18 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया. स्थानीय अधिकारी वैक्सीन को लेकर अब और अधिक प्रभावी तरीके से जागरूकता फैलाने की बात कह रहे हैं.