टोक्यो ओलंपिक खेलों की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट भारतीय मेंस हॉकी टीम इस बार एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल की प्रबल दावेदार है. हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने हाल ही में अपनी बेहतरीन तैयारियों का सबूत दिया, जब उन्होंने फाइनल में मजबूत मलेशिया को हराकर अगस्त में अपनी चौथी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीती.
कप्तान के अलावा, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह और अभिषेक जैसे प्रमुख खिलाड़ियों ने इस जीत में अहम योगदान दिया, जिन पर एशियाई खेलों में भी सबकी नजरें होंगी. पूल ए में भारत का मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के अलावा बांग्लादेश, जापान, उज्बेकिस्तान और सिंगापुर से होगा. भारतीय टीम के पास इन खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर पेरिस ओलंपिक में सीधे एंट्री लेने का मौका होगा.
टीम अगर ऐसा करने में कामयाब हो जाती है तो यह उसका इन खेलों में 2014 के बाद पहला गोल्ड होगा. टीम 24 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ आगाज करेगी, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ उसका मैच 30 सितंबर को होगा. टीम के सभी मैच गोंगशू कैनल स्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम में खेले किए जाएंगे, जहां फाइनल 6 अक्टूबर को होना है.
एशियाई खेलों के लिए मेंस हॉकी टीम: पीआर श्रीजेश, कृष्ण पाठक, वरुण कुमार, अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), संजय, सुमित, नीलकंठ शर्मा, हार्दिक सिंह (उप-कप्तान), मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, अभिषेक, गुरजंत सिंह , मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह और ललित कुमार उपाध्याय.
कहां देखें भारतीय टीम के मैच- एशियाई खेलों का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा और इसे Sony LIV ऐप पर ऑनलाइन स्ट्रीम किया जा सकता है.
भारतीय हॉकी टीम का फुल शेड्यूल-
24 सितंबर, रविवार: भारत vs उज्बेकिस्तान - सुबह 8:45 बजे.
26 सितंबर, मंगलवार: भारत vs सिंगापुर - सुबह 6:30 बजे.
28 सितंबर, गुरुवार: भारत vs जापान - शाम 6:15 बजे.
30 सितंबर, शनिवार: भारत vs पाकिस्तान - शाम 6:15 बजे.
2 अक्टूबर, सोमवार: भारत vs बांग्लादेश - दोपहर 1:15 बजे.
4 अक्टूबर, बुधवार: 11/12 और 9/10 क्लासिफिकेशन मैच और सेमीफाइनल - सुबह 7:45 बजे से.
6 अक्टूबर, शुक्रवार: 7/8, 5/6 और 3/4 क्लासिफिकेशन मैच और फाइनल - सुबह 7:45 बजे से.