T20 World Cup 2022 : टीम इंडिया के सुपरस्टार विराट कोहली ने अपने सुनहरे करियर में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है. उन्होंने बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ इतिहास रचते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के माहेला जयवर्धने को पछाड़ दिया.
इस मैच से पहले टी-20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली ने 24 मैचों की 22 पारियों में 83.41 की औसत से 1,001 रन बनाए थे. टूर्नामेंट में उनका हाई स्कोर नाबाद 89 रन है. विराट इस मेगा इवेंट में शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने वर्ल्ड कप के शुरुआती दोनों मैचों में अर्धशतक जड़ा था.
हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह कुछ खास नहीं कर पाए. इस मैच में उनके बल्ले से बस 12 रन ही निकले. इसका नतीजा यह रहा कि इस मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा. विराट के बाद टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 921 रन दर्ज हैं.