दूसरे टी-20 मुकाबले में भले ही टीम इंडिया ने मैच को 4 रनों से अपने नाम किया, लेकिन आयरलैंड के बल्लेबाजों ने अपने खेल से हर किसी को दीवाना बना दिया. भारत से मिले 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने 5 विकेट खोकर 221 रन बनाए और आखिरी गेंद तक जीत के लिए लड़ाई लड़ी.
टीम की ओर से कप्तान एंड्रयू बालबर्नी ने 60 रनों की शानदार पारी खेली, तो पॉल स्टर्लिंग ने महज 18 गेंदों में 40 रन कूटते हुए टीम को जोरदार शुरुआत देने का काम किया. आखिरी ओवरों में जॉर्ज डॉकरेल ने 16 गेंदों में 34 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. इस जीत के साथ ही हार्दिक पांड्या एंड कंपनी सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया है.
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ईशान किशन महज 3 रन बनकर चलते बने. हालांकि, इसके बाद दीपक हुड्डा और संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 176 रनों की साझेदारी जमाई. जो टी-20 इंटरनेशनल में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप भी है.
दीपक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टी-20 करियर का पहला शतक ठोका, तो संजू सैमसन ने 77 रनों की विस्फोटक पारी खेली. दीपक 57 गेंदों में 104 रन जड़कर आउट हुए. हालांकि, आखिरी ओवरों में भारतीय टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 225 रन बना सकी.