भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को झारखंड में धनबाद होते हुए बोकारो पहुंची जहां जोरदार तरीके से राहुल गांधी का स्वागत किया गया. लोग मानव श्रृंखला बनाकर राहुल गांधी का इंतजार करते दिखे. इस दौरान राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे भी लगे. खास बात ये है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा कार्यक्रम के दौरान जोधाडीह मोड़ पर मणिपुर से पैदल यात्रा कर रहे एक व्यक्ति "नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो" नारे के साथ शामिल हुआ. कांग्रेस नेताओं ने उसका जोरदार स्वागत किया. राहुल ने कुछ देर देहाती होटल में भी गुजारी.
बोकारो के जैना मोड़ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कहा, "किसान, मजदूर, युवा के साथ भाजपा अन्याय कर रही है। केवल आर्थिक अन्याय नहीं सामाजिक अन्याय भी हो रहा है। आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है उन्हें अपना हक नहीं दिया जाता। दलितों को दबाया जाता है। यात्रा में हम लोगों से बात करते हैं, 7-8 घंटे हम लोगों से बात करते हैं 15-20 मिनट हम अपनी बात रखते हैं।