Prakash Raj on Chandrayaan 3: मिशन चंद्रयान 3 का मजाक उड़ाना साउथ फिल्मों के जाने माने एक्टर प्रकाश राज को महंगा पड़ गया. दरअसल चंद्रयान-3 की लैंडिंग की खबरों के बीच अभिनेता ने चंद्रमा पर एक चाय बेचते हुए युवक के एक पुराने मलयाली चुटकुले के कार्टून को पोस्ट किया है. जिसे लोग बेहद अपमानजनक बता रहे हैं.
प्रकाश राज ने एक्स (ट्विटर) पर एक कार्टून साझा करते हुए पोस्ट किया, जिसमें एक आदमी को चाय डालते हुए दिखाया गया है. प्रकाश राज (Actor Prakash Raj) के इसी पोस्ट पर यूजर्स ने उनकी क्लास लगा दी है और भारत के ऐतिहासिक चंद्रमा मिशन के लिए जिम्मेदार वैज्ञानिकों के प्रति सम्मान दिखाने का आग्रह किया.
एक X यूजर ने लिखा, 'चंद्रयान-3 (Chandrayaan 3) एक ऐसी चीज है जिस पर पूरे भारत को गर्व होना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक विचारधारा का हो. राजनीतिक बनाम राष्ट्रीय ट्रोलिंग के बीच की सीमा को जानें.'
वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि- ' किसी से नफरत करने और अपने देश से नफरत करने में अंतर है. आपकी यह हालत देखकर बहुत दुख हुआ.'
बता दें कि चंद्रयान-2' के ऑर्बिटर ने किया 'चंद्रयान-3' के लैंडर का स्वागत किया है. इसरो ने जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर और चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल के बीच संपर्क हो गया है. भारत का चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल (LM) चांद की कक्षा में चक्कर लगा रहा है और लैंडर की बुधवार (23 अगस्त) को शाम 6:04 बजे पर चांद की सतह पर उतरने की उम्मीद है.
यहां भी क्लिक करें: Sunny Deol: सनी देओल के बंगले की नीलामी का नोटिस लिया गया वापस
वहीं, इससे पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने ‘लैंडर हजार्ड डिटेक्टशन एंड अवॉइडेंस कैमरा’ (एलएचडीएसी) में कैद की गई चंद्रमा के सुदूर पार्श्व भाग की तस्वीरें सोमवार को जारी कीं.
एलएचडीएसी को इसरो के अहमदाबाद स्थित प्रमुख अनुसंधान एवं विकास केंद्र ‘स्पेस ऐप्लीकेशंस सेंटर’ (एसएसी) ने विकसित किया है. यह कैमरा लैंडिंग के लिहाज से सुरक्षित उन क्षेत्र की पहचान करने में मदद करता है, जहां बड़े-बड़े पत्थर या गहरी खाइयां नहीं होती हैं.
अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, चंद्रयान-3 मिशन के कई लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लैंडर में एलएचडीएसी जैसी कई अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां मौजूद हैं. चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण 14 जुलाई को किया गया था और इसका मकसद चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की उपलब्धि हासिल करना है.