असम सरकार ने स्प्रिंटर हिमा दास का नाम राजीव गांधी खेल रत्न के लिए भेजा है. वो इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए नॉमिनेट होने वाली सबसे युवा खिलाड़ी हैं. हिमा ने साल 2018 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए फिनलैंड में हुए अंडर 20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में वैश्विक खिताब जीता था और ऐसा करने वाली देश की पहली महिला ट्रेक एथलीट बनीं थी. असम के खेल सचिव दुलाल चंद्र दास ने खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर भारतीय स्प्रिंटर के नाम की अनुशंसा की है. हिमा से पहले भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा, महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल और क्रिकेटर रोहित शर्मा का नामांकन भी देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए किया जा चुका है.