हरियाणा (Haryana) के करनाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर मेघालय के गवर्नर सत्यपाल मलिक (Satya Pal Malik) ने हरियाणा की बीजेपी सरकार की आलोचना की है. उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधते हुए उन्हें किसानों से माफ़ी मांगने को कहा है. गवर्नर ने आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जानबूझकर किसानों पर लाठी चलवा रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार ने किसानों पर बल प्रयोग नहीं किया. उन्होंने इस बात पर भी दुख जताया कि 600 किसानों की मौत हुई लेकिन सरकार की तरफ से किसी ने सांत्वना के दो शब्द भी नहीं बोले. NDTV से बातचीत में गवर्नर ने कहा कि किसानों पर लाठी चार्ज का आदेश देनेवाले एसडीएम को फौरन बर्खास्त किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि आरोपी एसडीएम नौकरी में रहने के लायक नहीं है, जबकि खट्टर सरकार उसे संरक्षण दे रही है.
पश्चिमी यूपी से ताल्लुक रखने वाले सत्यपाल मलिक ने कहा कि मुझे गवर्नर के पद से मोहब्बत नहीं है. मैं जो बोलता हूं, दिल से बोलता हूं और मैं अपने लोगों के लिए बोलता रहूंगा, चाहे उसके नतीजे कुछ भी हों.
बता दें कि हरियाणा के करनाल में शनिवार को बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई थी. उस दौरान प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था. इसमें कई किसानों को गंभीर चोटें आईं. इस मामले में एसडीएम आयुष सिन्हा का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों का सिर फोड़ दो.