Haryana Govt on SDM: हरियाणा सरकार के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य सरकार सिर्फ एसडीएम के खिलाफ जांच नहीं करेगी, बल्कि 28 अगस्त की पूरी घटना की जांच करेगी और देखेगी कि इसमें किसान नेता भी तो दोषी नहीं. दरअसल किसान करनाल के मिनी सचिवालय के बाहर धरने पर अभी भी डटे हैं. उनकी मांग है कि हरियाणा सरकार 28 अगस्त को किसानों का सिर फोड़ देने वाला आदेश देने वाले SDM आयुष सिन्हा के खिलाफ एक्शन ले तभी वो धरना और घेराव खत्म करेंगे. किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि - 'हम सिंघु और टिकरी बॉर्डर की तरह यहां स्थायी तौर पर प्रदर्शन कर सकते हैं.'
तो वहीं अनिल विज ने कहा है कि - 'हम करनाल घटना की जांच करेंगे...केवल आयुष सिन्हा नहीं. हम अधिकारियों को जांच के बगैर सजा नहीं दे सकते.' आगे उन्होंने ये भी कहा कि - 'यदि किसान नेता दोषी पाए गए तो हम उनके खिलाफ भी एक्शन लेंगे.' यानि फिलहाल हरियाणा सरकार किसानों की मांग मानने के मूड में नहीं दिख रही है.
आपको बता दें कि करनाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज में किसानों के मुताबिक एक किसान की मौत हो गई थी जबकि 10 घायल हुए थे. किसानों की मांग है कि मृत किसान के परिवार को 25 लाख का मुआवजा दिया जाए और घायल किसानों को 2-2 लाख.