ग्रीस के जंगलों में लगी आग (Greece Wildfires) पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है. आग को बुझाने के लिए हजारों की संख्या में दमकल कर्मी और अन्य लोग लगे हैं लेकिन इसकी विकरालता कम नहीं हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक आग की वजह से छह शहरों को अलर्ट पर रखा गया है और राजधानी एथेंस में भी धुंए का गुबार नजर आ रहा है. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक आग के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है.
ग्रीस सरकार की तरफ से आग लगने के कारणों की जांच जारी है. इस संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. सरकार की तरफ से आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है. समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक जंगल में लगी आग के चलते क्षेत्र का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है.