सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने केंद्र सरकार से वैक्सीन खरीद की पूरी डिटेल देने को कहा है. कोर्ट ने केंद्र से Covaxin, Covishield, Sputnik V समेत सभी कोरोना वैक्सीन की अब तक की खरीद ( Covid vaccine purchase history) का पूरा ब्यौरा पेश करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा अब तक कितनी आबादी को वैक्सीनेट किया जा चुका है, बाकी बचे लोगों को कबतक वैक्सीनेट किया जाएगा इसका भी डेटा पेश करने के लिए कहा गया. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ब्लैक फंगस (Black fungus) के इलाज में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए, इसके बारे में जानकारी दें.
न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति एल एन राव और न्यायमूर्ति एस रवींद्र भट की विशेष पीठ ने मोदी सरकार से 2 हफ्ते के भीतर हलफनामे के रूप में इन सभी डीटेल को पेश करने को कहा है. साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि आदेश में प्रत्येक मुद्दे पर अलग-अलग जवाब दिया जाए.