फ्रेंच ओपन 2021 (French Open) में अपना पहला सेट गंवाने के बावजूद राफेल नडाल (Rafael Nadal) रिकॉर्ड 14वीं बार सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहे. 13 बार के फ्रेंच ओपन चैंपियन नडाल ने दसवीं वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्त्जमैन (Diego Schwartzman) को 6 -3, 4-6, 6-4, 6-0 से हराया. नडाल तीसरे सेट में 4-3 से पीछे थे लेकिन लगातार नौ गेम जीतकर मैच अपने नाम किया. सेमीफाइनल में अब नडाल का सामना दुनिया के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) से होगा. जोकोविच ने कड़े मुकाबले में इटली के माटेओ बेरेतिनी को 6-3, 6-2, 6-7, 7-5 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की.
इससे पहले महिला वर्ग में मारिया सक्कारी (Maria Sakkari) ने पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. 17वीं वरीयता प्राप्त सक्कारी ने इगा को 6-4, 6-4 से मात दी. उनके अंतिम चार में पहुंचने से सुनिश्चित हो गया कि इस क्लेकोर्ट टूर्नामेंट में कोई नया ग्रैंडस्लैम चैम्पियन बनेगा. सेमीफाइनल में चारों महिलायें पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के अंतिम चार में पहुंची है. टेनिस के इतिहास में दूसरी बार ही ऐसा हुआ है. इससे पहले 1978 ऑस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में सभी खिलाड़ी पहली बार अंतिम चार में पहुंचे थे.